राजनांदगांव: प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, शादी से इनकार पर युवक ने की युवती की हत्या…

राजनांदगांव, 27 जनवरी जलाशय में तैरते पाए गए शव की शिनाख्त के बाद पुलिस ने हत्यारे प्रेमी को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया । प्रेम संबंध के बाद शादी के लिए दबाव डालने पर आरोपी प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी । पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली। ठेलकाडीह थाना क्षेत्र जिला खैरागढ़ – छुईखदान – गंडई के हरडुआ जलाशय में 26 जनवरी की दोपहर 12 बजे एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता देखा गया । सूचना पर ठेलकाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर गामीणों से पहचान का प्रयास शुरू
किया । इसी दौरान थोड़ी दूर पर एक कैरी बैग पड़ा दिखा ।

Advertisements

पुलिस ने कैरी बैग की तलाशी ली तो मृतका का आधार कार्ड, चप्पल और अस्पताल के उपचारी कागजात पाए गए । इस आधार पर मृतका की पहचान रूपा साहू पिता देवनाथ साहू (21) निवासी रामनगर मुक्तिधाम सुपेला भिलाई थाना वैशाली नगर जिला दुर्ग के रूप में की गई । परिजनों को घटना की जानकारी देकर पुलिस ने मौके पर बुलाया । हत्या की आशंका के बाद शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्ट मार्टम के लिए भेजा । रिपोर्ट में डॉक्टर ने सिर में गंभीर चोट के बाद अधिक रक्त स्त्राव को मौत का कारण -बताया। परिजनों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मृतका का प्रेम संबंध हरडुआ निवासी आनंद वर्मा पिता राधेलाल वर्मा के साथ था । आनंद वर्मा मृतका को लगातार शादी के लिए इनकार करता आ रहा था । परिजनों ने बताया कि संभवतः 25 जनवरी को भी मृतका शादी की बात को लेकर आनंद वर्मा के घर गई थी ।

इस आधार पर पुलिस ने आनंद वर्मा की खोजबीन शुरू की । संदेही आनंद वर्मा पुलिस को घर पर मिल गया । पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया । आरोपी ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से पीछा छुड़वाना चाहता था । मृतका बार बार शादी के लिए दबाव बना रही थी । आरोपी ने उसे अपनी मोटर साइकिल में बैठाया और घटना स्थल ले जाकर उसके सिर को पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी मौत को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को दो गमछों के साथ लपेटकर बड़े पत्थर को बांधकर पानी में डूबा दिया ।