
राजनांदगांव | 29 जनवरी 2026कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने थाना सोमनी क्षेत्र के मनगटा इलाके में स्थित रिसॉर्ट्स पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की इस सघन दबिश से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान के तहत 40 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की अलग-अलग टीमों ने मनगटा क्षेत्र के लगभग 49 रिसॉर्ट्स पर एक साथ दबिश दी।
छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट एवं विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब सेवन कराए जाने की पुष्टि हुई। मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी गई तथा संबंधित रिसॉर्ट संचालकों और प्रबंधकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को नोटिस तामील कर भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत लागू नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।









































