राजनांदगांव: फर्जी फसल बीमा घोटाले में तीन और आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव | फर्जी फसल बीमा कराकर सरकारी राशि की हेराफेरी करने के मामले में थाना छुरिया पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इससे पूर्व इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमगांव, थाना छुरिया स्थित रैलिस बायो एनर्जी प्रा. लिमिटेड के पार्टनर जय बग्गा, वैभव गोलछा एवं सुदर्शन वर्मा के नाम दर्ज कुल 34 खसरा, लगभग 50 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विगत एक वर्ष से अधिक समय से केले की फसल लगी हुई थी। इसके बावजूद वर्ष 2024–25 में उक्त भूमि को किराये पर लेकर उसमें चना फसल दर्शाते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर फसल बीमा कराया गया और विभागीय योजना की राशि ₹23,28,944.35/- अवैध रूप से बैंक खातों में अंतरित कराई गई।

Advertisements


इस संबंध में कृषि विभाग द्वारा भारतीय कृषि बीमा कंपनी के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अमित वर्मा एवं सी.एस.सी. संचालक परमेश्वर साहू के विरुद्ध थाना छुरिया में लिखित प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जिस पर अपराध क्रमांक 294/2025 अंतर्गत धारा 316(5), 318(4), 336(2), 336(3), 338, 340(2), 61(2) बी.एन.एस. के तहत दिनांक 12 दिसंबर 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
विवेचना के दौरान आरोपी अमित वर्मा एवं परमेश्वर साहू को दिनांक 14 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।


प्रकरण में पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में थाना छुरिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 02 फरवरी 2026 को तीन अन्य आरोपियों—


हेमंत वैष्णव (38 वर्ष), निवासी ग्राम चचौद (श्यामनगर), जिला गरियाबंद, हाल किरगहाटोला थाना छुरिया
बालमुकुंद जंघेल (29 वर्ष), निवासी सुराडबरी, थाना छुईखदान, जिला केसीजी
रूखमणि कंवर चंद्रवंशी (30 वर्ष), निवासी गोपालपुर, थाना छुरिया, जिला राजनांदगांव
को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों द्वारा अपराध में संलिप्तता स्वीकार किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना जारी है तथा जांच के दौरान यदि अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।