
सफाई कर्मियों की महापौर ने ली बैठक

राजनांदगांव 15 फरवरी। नगर निगम के सफाई कर्मचारियो द्वारा वेतन की मांग को लेकर दो दिन से हड़ताल किया गया था, जिसपर आज महापौर श्री मधुसूदन यादव ने सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियो तथा सफाई कर्मियो की नगर निगम समागृह में बैठक बुलाई। बैठक में निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य श्री शैकी बग्गा, कनिष्ठ सभापति श्री संदीप बघेल तथा पूर्व पार्षद श्री शरद सिन्हा के अलावा सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्री गोलू नायक की उपस्थिति में सफाई कर्मियो से चर्चा हुई।
बैठक में महापौर श्री यादव ने उनकी मांगो पर चर्चा की। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सहित सफाई कर्मियों ने दो माह का वेतन देने की मांग संबंधी विषय पर चर्चा हुई। महापौर श्री यादव ने कहा कि निगम में फण्ड की कमी के कारण वेतन देने में विलंब हो रहा है, विगत एक माह एसआईआर में निगम अमला सहित राजस्व के कर्मचारियो की ड्यूटी लगने के कारण वसूली भी प्रभावित हुई। इसके अलावा शासन से आने वाली राशि भी शासन स्तर पर समायोजित हो गया, जिसके कारण निगम में आर्थिक कठिनाई आई। वर्तमान में राजस्व वसूली में जोर दिया जा रहा है, बडे बकायादारो पर शिकंजा भी कस रहे है। साथ ही शासन से वेतन के लिये राशि की मांग की गयी है। उन्होंने कहा कि दिसम्बर एवं जनवरी माह का वेतन नियमित एवं मस्टररोल कर्मचारियो को दिया जायेगा तथा फरवरी माह का वेतन मार्च में दिनांक 10 से 15 के बीच किया जावेगा। साथ ही इसी बीच ठेका श्रमिको को भी स्थिति आधार पर भुगतान किया जावेगा।
महापौर श्री यादव ने कहा कि हमारी प्राथमिकता सफाई कर्मियो को पहले वेतन देने का रहता है। किसी भी प्रकार की मांग पर आंदोलन करने की बजाय अध्यक्ष सहित पॉच पदाधिकारी समय लेकर चर्चा करे। आपस में बैठकर निर्णय लिया जावेगा। चर्चा उपरांत सौहाद्रपूर्ण वातावरण में दो माह के वेतन के लिए सहमति देते हुए हडताल समाप्त की गई।










































