
केसीजी/खैरागढ़। थाना खैरागढ़ पुलिस टीम को सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आदतन चोर ओमप्रकाश साहू और उसके साथी दिलेश्वर साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 3 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस के अनुसार थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 45/2026 धारा 305-ए बीएनएस तथा चौकी जालबांधा (थाना खैरागढ़) में अपराध क्रमांक 47/2026 धारा 331(4), 305-ए बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किए गए थे।
ऐसे हुआ खुलासा प्रार्थी सुनील साहू, निवासी उदयपुर (थाना छुईखदान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 फरवरी 2026 की शाम खेत से लौटने पर उसके घर के दो कमरों के दरवाजे खुले मिले और आलमारी टूटी हुई थी। जांच करने पर 30 हजार रुपये नगद, सोने की पत्ती, टॉप्स एवं चांदी के पायल चोरी होना पाया गया।
इसी प्रकार ग्राम बफरा निवासी रेखचंद साहू ने चौकी जालबांधा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शादी समारोह में परिवार सहित बाहर जाने के दौरान अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर 15 हजार रुपये नगद व सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा और साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान चोरी के पैटर्न और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। सूचना मिली कि करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू जेल से छूटने के बाद साथियों के साथ संदिग्ध रूप से घूम रहा है।
पूछताछ में कबूला जुर्मपुलिस ने ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) और दिलेश्वर साहू (23 वर्ष), दोनों निवासी करमतरा, चौकी जालबांधा, थाना खैरागढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने उदयपुर, बफरा एवं दुर्ग जिले के ग्राम बिरेझर में सूने मकानों में चोरी की वारदात कबूल की।
आरोपियों की निशानदेही पर उनके घर से सोने के 12 लॉकेट, 1 जोड़ी कान के टॉप्स, 1 जोड़ी ईयरिंग, चांदी का लच्छा, 8 जोड़ी पायल, करधन, बिछिया, कड़ा एवं 5 हजार रुपये नगद (कुल कीमत लगभग 3 लाख 34 हजार रुपये) बरामद किए गए। इसके अलावा दिलेश्वर साहू के कब्जे से 1500 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सब्बल (कीमत लगभग 60 हजार रुपये) जप्त किए गए। कुल बरामद संपत्ति की कीमत 3 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी गई है।










































