
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के अं.चौकी क्षेत्र अंतर्गत चौकी पाटनखास के ग्राम पाण्डरवानी राउतटोला स्थित तालाब में गहरीकरण कार्य के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 फरवरी 2026 को तालाब गहरीकरण कार्य के दौरान एक महिला के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चिराग जैन (आईपीएस), श्री पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री देवचरण पटेल तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अं.चौकी श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में अंबागढ़ चौकी थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अश्वनी राठौर एवं चौकी पाटनखास प्रभारी उप निरीक्षक श्री गणेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर महिला मृत अवस्था में पाई गई। प्रारंभिक निरीक्षण में महिला के गर्दन के पीछे धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिले। मृतका के पुत्र अशोक कुमार यादव (25 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डरवानी की रिपोर्ट पर आरोपी निलेश कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम पाण्डरवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्राथमिक जांच में घटना का कारण आपसी रंजिश बताया जा रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके परिजनों को सूचना दी तथा न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
शव पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में चौकी पाटनखास के समस्त स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।










































