
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध तरीके से मोबाइल सिम जारी कर साइबर ठगी करने वालों को उपलब्ध कराने वाले एक पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) ऑपरेटर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी द्वारा जारी 15 फर्जी सिम कार्डों का उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में 32 ऑनलाइन फ्रॉड की घटनाओं में किया गया था।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेण्डर किरो के पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक नंद किशोर गौतम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
विवेचना के दौरान मोबाइल नंबर 8770041517 (सिम क्रमांक 8991932410178116337) के माध्यम से फर्जी सिम जारी किए जाने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि संतोष कुमार देवांगन (30 वर्ष), पिता स्व. कृष्ण राम देवांगन, निवासी दुर्गा टाकिज के पीछे, वार्ड क्रमांक 39, राजनांदगांव, जो महावीर चौक स्थित एक संचार केंद्र में पीओएस संचालक के रूप में कार्यरत था, ने 15 सिम कार्ड जारी किए थे।
इन सिम कार्डों का उपयोग आंध्रप्रदेश, बिहार, केरल, मध्यप्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में कुल 32 साइबर ठगी की घटनाओं में किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आईटी एक्ट एवं दूरसंचार अधिनियम 2023 की धारा 42(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेशी के बाद उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में आरक्षक प्रयंश, अविरल एवं श्रीनिवास की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सिम कार्ड जारी करते समय नियमों का पालन सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।








































