
राजनांदगांव, । नगर में एक सनसनी खेज खबर ने तहलका मचा दिया है। नाबालिग युवती की पहले ही गुपचुप शादी करा दी गयी, फिर उसी नाबालिग की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की खबर ने हलचल पैदा कर दी। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला जांच में है। अभी कुछ भी कह पाना संभव नहीं है। चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत शांतिनगर वार्ड में विवाह की रस्म में बंधकर आयी नाबालिग युवती की मौत हो गयी। मौत कैसे हुई यह अभी ज्ञात नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुड़ी हुई है।

संवेदनशील मुद्दा यह है कि मृतका एक तो नाबालिग है दूसरा यह आदिवासी समाज से नाता रखती है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ निवासी आदिवासी युवती का विवाह राजनांदगांव में हुआ था। जब विवाह हुआ था तब युवती नाबालिग (लगभग 16 से 17 वर्ष) थी। सूत्र बता रहे हैं कि युवती की अचानक हुई मौत ने सभी के होश उड़ा दिए हैं। इस मामले को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्मार्टम रिपोर्ट आने के बाद और भी कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।









































