राजनांदगांव:उच्च शिक्षा मंत्री से मिला कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय का प्रतिनिधि मंडल, वार्षिक उत्सव हेतु तिथि निर्धारण का किया आग्रह…

राजनांदगांव, 20 फरवरी 2026। शासकीय कमला देवी राठी महिला महाविद्यालय, राजनांदगांव के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने महाविद्यालय में प्रस्तावित वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उनकी गरिमामयी उपस्थिति हेतु तिथि निर्धारित करने का आग्रह किया।

Advertisements

यह प्रतिनिधि मंडल जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष सुश्री मणि भास्कर गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचा। उन्होंने मंत्री को लिखित एवं मौखिक रूप से अनुरोध पत्र सौंपते हुए बताया कि महाविद्यालय का वार्षिक उत्सव एवं पदक वितरण समारोह इसी माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने प्रतिनिधि मंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र ही कार्यक्रम के लिए उपयुक्त तिथि निर्धारित कर सूचित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना भी की।

इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष, महाविद्यालय की प्राचार्य, प्राध्यापकगण तथा जनभागीदारी समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।