
मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर की गई 1 करोड़ 49 लाख रुपये की अंतर्राज्यीय साइबर ठगी का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में नेपाल कनेक्शन सहित 6 आरोपियों को उत्तराखंड और गुजरात से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए गए हैं।

शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर 1 करोड़ 49 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है।
मामला अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी कुनाल अग्रवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात व्यक्तियों ने मोबाइल नंबरों के माध्यम से शेयर ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनके बैंक खातों से करोड़ों रुपये की ठगी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में दो विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण और आई4सी पोर्टल की मदद से जांच आगे बढ़ाई गई, जिसमें सामने आया कि ठगी की रकम पांच अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर चेक और एटीएम के जरिए निकाली गई।
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन रुद्रपुर, उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) और अहमदाबाद, राजकोट, सूरत (गुजरात) में मिली। पुलिस टीमों ने अंतर्राज्यीय स्तर पर दबिश देकर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में नेपाल के काठमांडू से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। फिलहाल नेपाल कनेक्शन को लेकर विस्तृत विवेचना जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।









































