back to top

राजनांदगांव: अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत 25 वरिष्ठ नागरिक मोतियाबिंद सर्जरी हेतु रायपुर रवाना…

राजनांदगांव। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर जीवन स्तर को ध्यान में रखते हुए संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत जिले में निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा प्रदान की जा रही है। योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (बीपीएल एवं अंत्योदय कार्डधारक), निराश्रित तथा वृद्धाश्रमों में निवासरत 60 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को प्राथमिकता दी जा रही है।

Advertisements


समाज कल्याण विभाग राजनांदगांव द्वारा जिले में कुल 150 पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन किया गया है। इसी क्रम में प्रथम चरण में 25 चयनित वरिष्ठ नागरिकों को मोतियाबिंद सर्जरी के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भेजा गया। विभाग द्वारा हितग्राहियों के आवागमन सहित आवश्यक समन्वय की समुचित व्यवस्था की गई।


रवानगी के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरुचि सिंह तथा समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक वैशाली मरडवार ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।


अधिकारियों ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों को दृष्टिदोष से मुक्ति दिलाकर उन्हें स्वावलंबी एवं स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। समाज कल्याण विभाग द्वारा समय-समय पर निःशुल्क नेत्र जांच शिविरों का आयोजन भी किया जाता है, जिससे जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा सके।


जिले में चल रहे इस अभियान से वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है। आगामी चरणों में शेष चिन्हांकित हितग्राहियों को भी क्रमबद्ध रूप से सर्जरी हेतु भेजा जाएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page