राजनांदगांव: विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के प्रयास रंग लाए, डोंगरगढ़ को बजट में विकास कार्यों की बड़ी सौगात…

राजनांदगांव डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ शासन के वर्ष 2026–27 के बजट में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र की विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के प्रयासों से जल संसाधन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को बजट में शामिल किया गया है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ सड़क और पुल निर्माण से आवागमन की सुविधा भी बेहतर होगी।

बजट में जल संसाधन विभाग के माध्यम से डोंगरगढ़ विधानसभा के विभिन्न जलाशयों, नहरों और सिंचाई परियोजनाओं के लिए लगभग 2240.30 लाख रुपये (करीब 22 करोड़ से अधिक) की राशि का प्रावधान किया गया है। इसके तहत सुखियारिन जलाशय, मंडियान जलाशय की ऊंचाई वृद्धि, खैरझिटी जलाशय जीर्णोद्धार, तेंदुभांठा व देवकट्टा जलाशय नहर लाइनिंग, टेकारपार जलाशय सुधार, सारंगपुर जलाशय विस्तार तथा विभिन्न नालों पर एनीकट निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर नहरों की मरम्मत, रीमॉडलिंग और लाइनिंग के कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से भी डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के प्रयासों से सड़क, पुल-पुलिया और शैक्षणिक भवन निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य बजट में शामिल किए गए हैं। माडीतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए लगभग 75.23 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा जटकनहार से डोंगरगढ़ (धुसेरा गेट) रेलवे ओवरब्रिज के लिए भूमि अधिग्रहण एवं यूटिलिटी शिफ्टिंग, विभिन्न मार्गों पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण जैसे कार्य भी प्रस्तावित किए गए हैं। साथ ही चिखली–पडुमतर्रा मार्ग, डोंगरगढ़–खैरागढ़ मार्ग, मोतीपुर–सुकुलदैहान–मोहरा मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों के उन्नयन के लिए भी राशि स्वीकृत की गई है।
इन विकास कार्यों के लिए कुल मिलाकर लगभग 126 करोड़ रुपये से अधिक लागत की योजनाएँ प्रस्तावित की गई हैं, जिनमें वर्ष 2026–27 के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि डोंगरगढ़ विधानसभा के विकास और किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, आवागमन आसान होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

क्षेत्रवासियों ने बजट में मिली इस बड़ी सौगात पर खुशी जताते हुए शासन और विधायक के प्रयासों की सराहना की है।