back to top

राजनांदगांव: महापौर, पूर्व सांसद और कलेक्टर ने शहर के प्रमुख विकास कार्यों का किया निरीक्षण…


अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
राजनांदगांव 08 मार्च 2026। शहर के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए महापौर श्री मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह एवं कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने राजनांदगांव शहर में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से और तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख जलाशयों बूढ़ासागर और रानीसागर का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध बजट प्रावधान के अनुरूप इनके सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक जलाशयों के सौंदर्यीकरण से शहर की सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

Advertisements


महापौर, पूर्व सांसद और कलेक्टर ने गौरव पथ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। राजनांदगांव शहर में प्रस्तावित 2000 सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिए कुंज विहार कॉलोनी स्थित कृष्ण कुंज के पास प्रस्तावित स्थल का भी अवलोकन किया गया।

उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्य योजना तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि शहर को एक आधुनिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त मंच मिल सके। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों और टर्फ की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और इसे निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर श्री कोमल सिंह राजपूत, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम श्री गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page