खैरागढ़: साड़ी बाइक के पहिए में फंसी, शिक्षिका की मौत…

खैरागढ़। नगर के किल्लापारा में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में वेसलियन इंग्लिश मीडियम स्कूल की शिक्षिका मर्सी बचईया (45 वर्ष) की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मर्सी बचईया. मूलतः बैगाडेरा दल्ली की निवासी थीं और वर्तमान में दाऊचौरा में रहती थीं।

वे अमलीपारा स्थित वेसलियन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।बताया जाता है कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे वे अपने पुत्र रॉबी बचईया के साथ दोपहिया वाहन से स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान किल्लापारा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिए में फंस गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़ीं।

हादसे में उनके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। विशेष रूप से सिर के बाएं हिस्से में गहरी चोट लगने से उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला सिविल अस्पताल खैरागढ़ ले जाया गया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पहले राजनांदगांव और फिर दुर्ग के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों के लगातार प्रयासों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।