back to top

राजनांदगांव: पांच नारीशक्तियों के आतिथ्य में बागेश्वर धाम में संयुक्त सेवा पंडाल का शुभारंभ…

महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में हुआ उद्घाटन, नवरात्रि में पदयात्रियों की सेवा के लिए जुटे स्वयंसेवक

राजनांदगांव। संस्कारधानी राजनांदगांव में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर श्रद्धा, सेवा और संस्कार की अनूठी मिसाल पेश करते हुए बागेश्वर धाम मंदिर के उत्सव भवन हॉल में मां नवदुर्गा एवं मां बमलेश्वरी के अलौकिक स्वरूप के दरबार के साथ संस्कार सेवा नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत संयुक्त पदयात्री सेवा पंडाल का शुभारंभ किया गया। नगर निगम महापौर मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में आयोजित उद्घाटन समारोह में अध्यात्म, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच नारीशक्तियां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक क्षेत्र से ब्रह्माकुमारी पुष्पा बहन एवं प्रभा बहन, खेल क्षेत्र से राष्ट्रीय तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता सृष्टि चौरसिया, स्वास्थ्य क्षेत्र से चिकित्सक डॉ. सुरभि मोहबे, शिक्षा क्षेत्र से गायत्री स्कूल विद्यापीठ की प्राचार्य पिंकी खंडेलवाल तथा लोक संस्कृति एवं कला के क्षेत्र से लोक गायिका प्रज्ञा गुप्ता उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विधि-विधान से पूजन एवं महाआरती कर सेवा पंडाल का उद्घाटन किया।

तिलक और अंगवस्त्र से किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में भारतीय सनातन परंपरा के अनुरूप सभी अतिथियों का तिलक लगाकर एवं अंगवस्त्र-दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। यह स्वागत आयोजन की सेविका अध्यक्ष मधु खंडेलवाल ने किया। इस अवसर पर अतिथियों ने संस्कार सेवा नवरात्र महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में संस्कारों और सेवा भाव की आवश्यकता पहले से अधिक है। पदयात्रियों की सुविधा और सेवा के लिए किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी और अनुकरणीय है।

सुविधाओं के साथ पदयात्रियों की सेवा में जुटे स्वयंसेवक

संयुक्त सेवा पंडाल में पदयात्रियों की सुविधा और सहायता के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आयोजन से जुड़े स्वयंसेवक सेवा भाव के साथ पदयात्रियों की सहायता में जुटे हुए हैं। नवरात्रि के दौरान मां बमलेश्वरी के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा को सुविधाजनक बनाने और उन्हें सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य किया जा रहा है।

संयुक्त सेवा पंडाल के संयोजक पंकज गुप्ता, आयोजन अध्यक्ष भावेश अग्रवाल, सौरभ खंडेलवाल एवं सौरभ गुप्ता ने बताया कि संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना के साथ इस आयोजन को स्वरूप दिया गया है। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और सेवाभाव को प्रोत्साहित करना है।

सेवा कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम में संयुक्त सेवा पंडाल के संरक्षक सोहन गुप्ता, डॉ. डीसी जैन, हरजीत भाटिया, रामावतार जोशी, लक्ष्मी गुप्ता, उपाध्यक्ष दीपा खंडेलवाल, सह सचिव मोना गोसाई, पूजा प्रभारी यशोदा गुप्ता, विशेष आमंत्रित सदस्य अनीता फ्रांसिस एवं पुष्पा यादव, कोषाध्यक्ष गोल्डी गुप्ता और अजय गुप्ता सहित अन्य सेवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मंच संचालन संयोजक सौरभ खंडेलवाल ने भगवान गणपति की स्तुति एवं माता रानी के जयघोष के साथ किया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और सामाजिक समर्पण का वातावरण देखने को मिला।

Advertisements

You cannot copy content of this page