राजनांदगांव: घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। घुमका थाना क्षेत्र के ग्राम चारभाठा में घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट करने के मामले में घुमका पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रामेश्वर निषाद (41 वर्ष) निवासी ग्राम चारभाठा ने 4 मार्च 2026 को थाना घुमका में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 5:30 बजे सरस्वती चौक में रतन निषाद ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद रतन निषाद अपने दोनों बेटों लक्की निषाद और लिलेश कुमार निषाद के साथ प्रार्थी के घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थी रामेश्वर निषाद सहित ईश्वरी, कमलेश्वरी और सीमा निषाद के साथ भी मारपीट की।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान लिए गए। जांच में आरोपियों द्वारा एक राय होकर घर में घुसकर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने की पुष्टि होने पर 9 मार्च 2026 को आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।


गिरफ्तार आरोपियों में रतन निषाद (47 वर्ष), लक्की निषाद (21 वर्ष) और लिलेश कुमार निषाद (18 वर्ष) सभी निवासी ग्राम चारभाठा थाना घुमका जिला राजनांदगांव शामिल हैं। मामला अजमानतीय होने के कारण पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं डोंगरगांव एसडीओपी श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में की गई।