
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने देर रात तक तेज आवाज में डी.जे. बजाने वाले एक युवक के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो साउंड बॉक्स और दो डी.जे. प्लेयर जब्त कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्र-छात्राओं की पढ़ाई तथा बीमार व बुजुर्ग लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में डी.जे. बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में 12 मार्च को सूचना मिली कि आर.के. नगर चौक स्थित एक भवन में शादी समारोह के दौरान निर्धारित समयावधि के बाद भी तेज आवाज में डी.जे. बजाया जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और डी.जे. संचालक से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे।
जांच के दौरान डी.जे. संचालक आकाश साहू (21 वर्ष), पिता अशोक साहू, निवासी शिव मंदिर के पास बसंतपुर द्वारा कोई वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से दो साउंड बॉक्स और दो डी.जे. प्लेयर जब्त कर कोलाहल अधिनियम की धारा 15 और 16 के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगाशा तैयार कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया।









































