
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ के पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के पास चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शराब पीने से मना करने पर आरोपियों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी मगन दास मानिकपुरी ने थाना डोंगरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 मार्च 2026 को भोज मानिकपुरी और ललित मानिकपुरी पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर के अंदर कुएं के पास बैठे हुए थे। इसी दौरान अजय मंडावी, अनिल थापा, दिनेश और गज्जू वहां पहुंचे और शराब पीने लगे। जब उन्हें शराब पीने से मना किया गया तो चारों आरोपी एक राय होकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया।
हमले में ललित मानिकपुरी को पीठ और कंधे के पीछे दो जगह गंभीर चोट आई, वहीं भोज मानिकपुरी के पेट में चाकू लगने से वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 109, 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी संतोष जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
तलाश के दौरान पुलिस ने आरोपी अजय मंडावी (27 वर्ष) निवासी बुधवारी पारा वार्ड नंबर 15 तथा अनिल थापा (28 वर्ष) निवासी रजा नगर जेल रोड, डोंगरगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्यवाही में निरीक्षक संतोष जायसवाल, उप निरीक्षक रामेश्वरी बघेल, आरक्षक रामखिलावन, किशन कुमार चंद्रा, अशोक यादव, मिलन वाल्टर, नरेंद्र प्रजापति सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।










































