
मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी, 16 मार्च। जिले को नक्सल मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना औंधी क्षेत्र के कोहकाटोला जंगल में संयुक्त सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने नक्सलियों के ठिकाने पर दबिश दी, जिससे घबराकर नक्सली हथियार और सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च को सूचना मिली थी कि 4–5 नक्सली हथियारों के साथ कोहकाटोला जंगल क्षेत्र में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद थाना स्टाफ, सीएएफ, डीआरजी बल और कांकेर पुलिस की संयुक्त टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया।
सर्चिंग के दौरान कोहकाटोला जंगल में संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही नक्सली घने जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा भी किया, लेकिन दुर्गम इलाके के कारण वे फरार होने में सफल रहे।
मौके पर की गई तलाशी में पुलिस को 01 इंसास राइफल (बॉडी नंबर 16799802) मय मैगजीन जिसमें 15 जिंदा कारतूस, पावर बैंक, दवाइयां, बैग, खाद्य सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी में सामने आया है कि यह इंसास राइफल महिला नक्सली कमांडर हिडमे मरकाम के पास रहती थी। बताया गया कि इस राइफल को नक्सलियों ने वर्ष 2010 में कांकेर जिले के दुर्गकोंडल थाना क्षेत्र के ग्राम भुस्की से लूट लिया था।
इस मामले में नक्सली राजे, मंगेश, हिडमे सहित अन्य के खिलाफ विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 10, 13, 18, 20, 38(1)(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों की तलाश के लिए लगातार सर्चिंग अभियान जारी है और फरार नक्सलियों की तलाश की जा रही है।










































