राजनांदगांव: परिवार से मारपीट और विवाद पर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार…

राजनांदगांव। जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी सुरगी ने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मार्च 2026 को ग्राम उसरीबोड़ निवासी एक महिला ने दूरभाष के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई कि उसका पति थान सिंह साहू प्रतिदिन नशे की हालत में घर में विवाद और मारपीट करता है तथा परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर देता है। साथ ही घर के लॉकर को बंद कर पत्नी के जेवर और नगदी भी नहीं दे रहा है। घटना के दिन भी आरोपी द्वारा नशे की हालत में परिवार के साथ झगड़ा किया जा रहा था।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी थान सिंह साहू (40 वर्ष), पेशे से शिक्षक, नशे का आदी है और अपने परिवार के साथ लगातार दुर्व्यवहार करता है। पुलिस कार्रवाई के दौरान भी आरोपी आक्रोशित होकर विवाद करने लगा, जिससे शांति भंग होने की आशंका बनी।


स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत इस्तगाशा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, राजनांदगांव के समक्ष पेश किया।


पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।