
राजनांदगांव। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया गया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को प्रार्थी अनुप यादव उर्फ मुंडू (29 वर्ष), निवासी बल्देवबाग ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24-25 अप्रैल की दरम्यानी रात वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने गांधी चौक गया था।
इसी दौरान आपसी विवाद में आरोपी राकेश सोनी उर्फ तूफान और राकेश श्रीवास ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान प्रार्थी के हाथ में गंभीर चोट आई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मिलन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश श्रीवास उर्फ कालू (43 वर्ष), निवासी गौशाला मार्केट, गांधी चौक को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राकेश सोनी उर्फ तूफान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का धारदार चाकू जब्त किया है।गिरफ्तार आरोपी को 26 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी राकेश सोनी उर्फ तूफान, जो थाना का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है, घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राकेश श्रीवास के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं प्रार्थी पक्ष का व्यक्ति भी विभिन्न मामलों में पूर्व में संलिप्त रहा है।










































