बालोद: बैंक जाने निकली महिला की युवक संग मिली लाश, बालोद में सनसनी…

बालोद। महिला और युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार को दोनों के शव पेड़ पर एक ही फंदे से लटके हुए मिले। शादीशुदा महिला घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली थी। मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक महिला का नाम संतोषी बाई यादव (40) है, जबकि युवक का नाम थलेश खरांशु (25) एक-दूसरे के दोनों अर्जुदा थाना क्षेत्र के ग्राम गब्दी के रहने वाले हैं और पड़ोसी थे।

दोनों की लाश गांव से करीब 45 किलोमीटर दूर ग्राम परसोदा में मिली है। हालांकि, अभी तक सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। थलेश खरांशु एवं संतोषी बाई यादव दोनों.मजदूरी का काम करते थे। संतोषी शादीशुदा थी और उसके बेटा-बेटी भी हैं, जबकि थलेश की शादी नहीं हुई थी।

संतोषी का पति भी मजदूरी करता है। थलेश का अक्सर संतोषी के घर आना-जाना लगा रहता था। इस बीच दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। संतोषी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से बैंक जाने की बात कहकर निकली, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में परिजन देर रात अर्जुदा थाने पहुंचे और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत तलाश शुरू कर दी। रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम परसोदा में पाकुरभाट मार्ग से अंदर एक खेत में महिला और युवक के शव पेड़ से लटके हुए मिले। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

आसपास के थानों से जानकारी लेने पर अर्जुदा थाना क्षेत्र से 2 लोगों के लापता होने कीजानकारी मिली। अर्जुदा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल में मौजूद फोटो के आधार पर दोनों की पहचान की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को जिला अस्पताल बालोद की मच्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

बालोद कोतवाली टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों शनिवार को घर से निकलकर बस के जरिए झलमला पहुंचे। वहां से वे पैदल परसोदा के खेत तक गए, जहां दोनों ने एक ही पेड़ पर फांसी लगा ली। मौके से दोनों के चप्पल भी बरामद किए गए हैं। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।