भिलाई में मजदूर की हत्या, पत्थर से हमला कर उतारा मौत के घाट…

भिलाई। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस क्षेत्र अंतर्गत करहीडीह गांव में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने 40 वर्षीय मजदूर की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नारायण निषाद (उम्र 40 वर्ष) पिता कन्हैया निषाद, मूल निवासी ग्राम बेरला के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से करहीडीह में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार बीती रात दुर्गा मंच ग्राम करहीडीह के पास अज्ञात युवकों नेपत्थर से सिर कुचलकर एक मजदूर की हत्या कर दी। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डायल 112 को दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतक नारायण निषाद अकेला रहता था, और उसकी पत्नी तीन महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।