
राजनांदगांव जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालबाग पुलिस ने अवैध गांजा खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मोहभटटा के चमारराय टोलागांव निवासी तुलेश्वर साहू अपने घर की बाड़ी में अवैध रूप से गांजा के पौधों की खेती कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
कार्यवाही के दौरान आरोपी तुलेश्वर साहू पिता सुंदर लाल साहू उम्र 25 वर्ष के घर की बाड़ी से 6 नग गांजा के पौधे जड़ सहित बरामद किए गए। जप्त गांजा पौधों की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 218/2026 धारा 20(क)(i) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।










































