राजनांदगांव: फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला रहा था चोरी की बाइक, लालबाग पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार…


राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी पहचान छिपाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने वाहन बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आरोपी का भाई और सह आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी होंडा शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BB 0294 को 5 अप्रैल 2026 को ग्राम बनभेड़ी के पास से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। शिकायत के आधार पर थाना लालबाग में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर नया शराब भट्ठी क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लोकेश वैष्णव (27 वर्ष), निवासी शंकरपुर, राजनांदगांव बताया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई मिथुन वैष्णव के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। जांच में पता चला कि चोरी की गई बाइक पर असली नंबर के स्थान पर CG 08 SN 4787 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। आरोपी वाहन की पहचान छिपाकर पुलिस कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहा था


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। मामले में चोरी के अलावा अपराध के साक्ष्य छिपाने और वाहन की पहचान बदलने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि उसके फरार भाई की तलाश की जा रही है।