राजनांदगांव: किराना दुकान में सेंधमारी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, 53 हजार रुपए से अधिक का माल बरामद…


राजनांदगांव। पुलिस चौकी सुरगी ने किराना दुकान में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए पान मसाला, गुटखा एवं सिगरेट सहित कुल ₹53,132 मूल्य का सामान बरामद कर जप्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिंघोला निवासी अशोक साहू ने 7 जून 2026 को चौकी सुरगी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 जून की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने उनकी किराना दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला और सीसीटीवी कैमरा भी टूटा हुआ पाया गया। जांच में पान मसाला, गुटखा, सिगरेट के पैकेट, चिल्लर राशि एवं अन्य सामान चोरी होना सामने आया।


मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर जावेद सोलंकी (28), जुनैद अख्तर (26) और हिरेंद्र यादव (19) से पूछताछ की।


पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर किराये के मकान में छिपाकर रखे गए चोरी के पान मसाला, गुटखा और सिगरेट बरामद किए गए। बरामद सामग्री की कुल कीमत ₹53,132 आंकी गई है।


पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक ढाल सिंह साहू, सउनि. हरीश टेंभुकर, आरक्षक संतोष देशमुख, योगेश साहू, डिलेश मंडावी एवं पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।