राजनांदगांव: रिसॉर्ट के पास युवती की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस भिलाई-3 निवासी 24 वर्षीय मुस्कान तिवारी को अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित…

राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र के मनगटा इलाके में गुरुवार सुबह एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी (24 वर्ष), निवासी भिलाई-3 के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती को मनगटा स्थित एक निजी रिसॉर्ट स्थल के समीप से अस्पताल लाया गया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में पाया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही सोमनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने तथा जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार युवती की मौत को लेकर क्षेत्र में विभिन्न चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के परिणामों का इंतजार करने की बात कही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।