राजनांदगांव को मिला नया फायर वाहन, पूजा-अर्चना के साथ हुआ लोकार्पण…

राजनांदगांव। जिले की अग्निशमन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में राजनांदगांव अग्निशमन एवं नगरसेना मुख्यालय को नया फायर वाहन प्राप्त हुआ। वाहन का लोकार्पण विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आरपीएफ इंस्पेक्टर श्रीमती तरुणा साहू उपस्थित रहीं।

उन्होंने नए फायर वाहन का शुभारंभ करते हुए कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित वाहन के शामिल होने से आगजनी एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वाहन की पूजा-अर्चना कर उसके सफल संचालन की कामना की।

अधिकारियों ने बताया कि नए फायर वाहन के जुड़ने से जिले में अग्निशमन सेवाओं की क्षमता बढ़ेगी तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन घटनाओं के दौरान बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग एवं नगरसेना के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए वाहन के लोकार्पण पर विभागीय कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनसुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।