
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 23 जून को घुमका नगर पंचायत के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। समारोह में कांग्रेस समर्थित नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती फूलमती वर्मा तथा निर्वाचित पार्षदगण शपथ ग्रहण करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अनीस खान द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री राहुल तिवारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर 12:30 बजे घुमका पहुंचेंगे और शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। दोनों वरिष्ठ नेताओं के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में उत्साह का माहौल है।
राहुल तिवारी ने कहा कि घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष की जीत जनता के विश्वास, कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और स्थानीय विकास के प्रति लोगों की अपेक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती फूलमती वर्मा एवं पार्षद शपथ ग्रहण के बाद नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन प्रारंभ करेंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।










































