
राजनांदगांव, 24 जून। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) राजनांदगांव में चल रहे रिफ्रेशर कोर्स के तहत बुधवार को छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा नगर सेना विभाग द्वारा आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
श्रीमान जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिस विभाग के एएसआई, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक स्तर के अधिकारियों-कर्मचारियों को आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के साथ-साथ आग लगने की घटनाओं से सुरक्षा एवं रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। प्रशिक्षण टीम ने व्याख्यान के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, फायर स्टेशन इंचार्ज श्री ईमाम बेग, फायरमैन पुमेश कुमार एवं तरुण कुमार साहू उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा जनसुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में लगभग 65 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने आपदा एवं अग्नि सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









































