राजनांदगांव: गोदाम से लाखों रुपये का अनाज चोरी करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पिकअप वाहन जब्त…

राजनांदगांव, 25 जून। सिटी कोतवाली पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र ममता नगर स्थित एक अनाज गोदाम में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन और 3 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 की रात दुलीचंद शिवचंद पारख फर्म के संचालक ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके गोदाम से चना खंडा, सोयाबीन और मसूर सहित करीब 4.50 लाख रुपये मूल्य का अनाज चोरी हो गया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पहले ही दो आरोपियों राहुल कुर्रे और दिनेश साहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अनाज बिक्री की 7,900 रुपये की राशि जब्त कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।

इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यादराम वर्मा (33 वर्ष), निवासी शांतिनगर चिखली और नरेंद्र कुमार साहू (28 वर्ष), निवासी देशमुख होटल के पीछे चिखली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अनाज बिक्री की 3 हजार रुपये नकद राशि तथा घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक CG-07-CA-8206 (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, उपनिरीक्षक इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।