मोहला: शराबी ट्रक चालक का 2 घंटे तक हाईवे पर तांडव, 12 वर्षीय बच्ची की मौत…

मोहला-मानपुर जिले में शराबी सनकी ट्रक चालक ने करीब दो घंटे स्टेट हाइवे से लेकर नेशनल हाईवे तक सड़क में ट्रक दौड़ाते तांडव मचाया। इस घटनाक्रम में जहां एक बारह साल की मासूम बच्ची पूनम की ट्रक के रौंदने से दर्दनाक मौत हो गई वहीं पुलिस अफसरों और जवानों की जान भी बाल-बाल बची।

शुक्रवार को अं. चौकी मानपुर स्टेट हाइवे में तेज रफ्तार ट्रक ने मोहला-मानपुर जिले के छोर में बसे अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुंडरदेही में एक बच्ची को रौंद दिया। मौके पर बिना रुके तेज रफ्तार से अंबागढ़ चौकी, मोहला की ओर भाग गया। घटना की सूचना पर ट्रक को रोकने के लिए मोहला थाने के ठीक सामने पुलिस ने बेरीकेट्स लगाया। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ट्रक चालक थाने के करीब खड़े एक अन्य ट्रक को ठोकते हुए पुलिस के बेरीकेड्स को तोड़कर मानपुर की ओर निकल गया। पुलिस भी ट्रक का पीछा करने लगी। इसी बीच मानपुर थाने की पुलिस ने स्थानीय एसडीएम दफ्तर के सामने बेरीकेट्स लगाकर नाकेबंदी कर दी। ट्रक जब यहां पहुंची मौजूद पुलिस अफसरों ने बेरीकेडस के पीछे खड़े होकर ट्रक को रुकवाने की कोशिश की। शराब के नशे में धुत्त सनकी चालक ने यहां भी बेरीकेडस पर ट्रक चढ़ा दी और बेरीकेडस को घसीटते हुए मानपुर नेशनल हाईवे किनारे बसे मानपुर कस्बे में दाखिल हो गया।

ट्रक की चपेट में आने से बाल बाल बचे पुलिस अफसर व जवान भी बमुश्किल संभल कर ट्रक का पीछा करने में जुट गए। इस दौरान ट्रक महाराष्ट्र को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे में दाखिल हो गया। चालक महाराष्ट्र की ओर ट्रक समेत भागने की फिराक में था लेकिन महाराष्ट्र बॉर्डर से करीब 6 किलोमीटर पहले नेशनल हाईवे में ग्राम कोरकोट्टी के पास उक्त ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई तब जाकर ट्रक और सनकी चालक पर पुलिस ने काबू पाया। बहरहाल ट्रक व चालक पुलिस की हिरासत में है।

चोटग्रस्त होने के चलते चालक को मानपुर अस्पताल ले जाया गया है। दूसरी ओर इस पूरे घटनाक्रम के दौरान ग्राम गुंडरदेही में जहां ट्रक ने बच्चे को रौंदा था वहां घटना के बाद से घंटों तनावपूर्ण हालात निर्मित रहे। घटना में मृत बच्ची का शव सड़क में रखकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया था। लंबे समय तक स्टेट हाइवे में आवागमन ठप्प रहा। हालांकि करीब दो घंटे बाद प्रसासनिक टीम और पुलिस के मान-मनव्वल के बाद ग्रामीणों परिजनों ने जाम खत्म किया और सड़क से हटे। बहरहाल बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।