back to top

राजनांदगांव: 29 जून से 6 जुलाई तक प्रदेशभर में मनाया जाएगा सहकारिता सप्ताह, विविध कार्यक्रमों के माध्यम से सहकारिता को मिलेगी नई गति…

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव में प्रेसवार्ता, अध्यक्ष सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने दी जानकारी

Advertisements

राजनांदगांव। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित राजनांदगांव में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अध्यक्ष सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने बताया कि प्रदेश में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान किसानों, सहकारी समितियों और आम नागरिकों को केंद्र में रखकर जिला एवं राज्य स्तर पर विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ 29 जून को पैक्स (PACS) सशक्तिकरण एवं सहकारिता जागरूकता कार्यक्रमों से होगा। इस दिन सहकारिता जागरूकता कार्यशालाएं, बायोमेट्रिक पंजीयन, सदस्यता विस्तार अभियान तथा संयुक्त समितियों की भूमिका पर परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों से लगभग 1.5 लाख सदस्य एवं दुग्ध उत्पादक लाभान्वित होंगे।

30 जून को जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (DCDC) की बैठक आयोजित होगी। साथ ही किसानों की आय बढ़ाने में एफपीओ (FPO) एवं पैक्स की भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

1 जुलाई को ड्रोन से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन। कृषक संगोष्ठी, मृदा स्वास्थ्य पर परिचर्चा आयोजित होंगे। 2 जुलाई को पैक्स बैंक शाखाओं में मॉडल पैक्स का भ्रमण, महिला हितग्राहियों को एटीएम केसीसी कार्ड एवं रुपे केसीसी कार्ड वितरित किए जाएंगे।

3 जुलाई को वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी संघ द्वारा प्रकाशित पाक्षिक सहकारी समाचार पत्र का प्रचार प्रसार कार्यक्रम होंगे। 4 जुलाई को पैक्स द्वारा संचालित जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि 5 जुलाई को राज्य के 10 आदिवासी जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा, कोंडागांव, कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव—में विशेष सहकारिता सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत लगभग 20 हजार नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली समितियों एवं सदस्यों को सहकार प्रेरणा पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सहकारिता सप्ताह का समापन 6 जुलाई को रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर सहकारी क्षेत्र में विकेंद्रीकृत विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के अंतर्गत भारतीय खाद्य निगम (FCI) के लिए चिन्हित 9 वेयरहाउसों में गोदाम निर्माण का भूमिपूजन किया जाएगा।

अध्यक्ष सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने कहा कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाना, किसानों की आय बढ़ाना, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा अधिक से अधिक लोगों को सहकारिता आंदोलन से जोड़ना है। उन्होंने जिले के किसानों, सहकारी समितियों के सदस्यों और आम नागरिकों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

Advertisements

You cannot copy content of this page