
राजनांदगांव, 14 जुलाई। जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीजेभाठा में मंगलवार सुबह प्रार्थना सभा के दौरान मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में करीब 40 छात्र घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत सामान्य है और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है।
जानकारी के अनुसार, विद्यालय में सुबह नियमित प्रार्थना सभा चल रही थी। इसी दौरान स्कूल परिसर के समीप एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक मधुमक्खियां निकलकर बच्चों पर टूट पड़ीं। मधुमक्खियों के हमले से छात्र जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग को अवगत कराया। डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और कई बच्चों का प्राथमिक उपचार विद्यालय परिसर में ही किया। वहीं अधिक प्रभावित छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में भर्ती कर उपचार दिया गया।
बीएमओ ने बताया कि लगभग 40 बच्चों को मधुमक्खियों ने डंक मारा। प्रारंभिक अनुमान है कि स्कूल के आसपास किसी पेड़ पर बने छत्ते से चिड़ियों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने के कारण मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और बच्चों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों को आवश्यक दवाइयां और उपचार उपलब्ध कराया गया है। कुछ बच्चों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। फिलहाल सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है।









































