राजनांदगांव: सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को धमकाने वाला युवक गिरफ्तार, बसंतपुर पुलिस की कार्रवाई…

राजनांदगांव में बसंतपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों को भयभीत कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में जिले में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बसंतपुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि दिग्विजय कॉलेज से शीतला मंदिर जाने वाले मार्ग पर एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी सचिन दास (22 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक, राजनांदगांव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 327/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में असामाजिक एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।