back to top

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर केसीजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘शिवा बुक’ का मुख्य सरगना रायपुर से गिरफ्तार…

केसीजी पुलिस ने ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार आरोपी तरुण वर्मा (36 वर्ष) को रायपुर जिले के तिल्दा से गिरफ्तार किया है।

Advertisements

आरोपी ऑनलाइन सट्टा एप्लिकेशन “शिवा बुक” का मुख्य संचालक बताया जा रहा है। पुलिस इससे पहले इसी मामले में मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।


पुलिस के अनुसार, पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राहुल देवांगन से पूछताछ में तरुण वर्मा की भूमिका सामने आई थी। जांच में पता चला कि राहुल देवांगन वर्ष 2021 से मुंबई के पलावा सिटी स्थित फ्लैट से ऑनलाइन गैंबलिंग पैनल संचालित कर रहा था। करीब छह माह पहले वह छत्तीसगढ़ लौटकर “शिवा बुक” और “जयराम बुक” नामक ऑनलाइन सट्टा पैनलों का संचालन करने लगा।


जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तिल्दा निवासी तरुण वर्मा ने राहुल देवांगन को “शिवा बुक” का पैनल उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे पूरे कारोबार का 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे अब तक विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से करीब 8 से 10 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए हैं।


पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने ऑनलाइन गैंबलिंग में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था। हालांकि, उसके कब्जे से बरामद एचपी कंपनी का लैपटॉप जांच में ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, भारतीय स्टेट बैंक की पासबुक, एसबीआई का क्रेडिट कार्ड, एसबीआई और इंडसइंड बैंक के एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4), 318(4), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66(D) तथा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं 8 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page