राजनांदगांव: आरके नगर चौक लूटकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी और एक नाबालिग गिरफ्तार…

राजनांदगांव की सिटी कोतवाली पुलिस ने आरके नगर चौक पर हुई लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी पीड़ित 19 जुलाई को महाराष्ट्र के देवरी में अपनी मां को दवाई देकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। आरके नगर चौक के पास उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद वह बाइक को पैदल धकेलकर ले जा रहा था। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसे धक्का देकर गिरा दिया।

इसके बाद उसके गले से करीब आधा तोला सोने की चेन और जेब में रखा सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 54 हजार रुपये बताई गई है।

मामले की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुरेन्द्र यादव (18) निवासी लखोली नाका चौक, अभिषेक कुम्भारे (18) निवासी भरकापारा गंज चौक तथा एक नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की जुपिटर स्कूटी और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।