
राजनांदगांव। जिले के लालबाग थाना अंतर्गत पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ क्षेत्र में घर में अकेली युवती के साथ कथित रूप से लज्जा भंग करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि 20 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10 बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान ग्राम आलीखुटा निवासी 50 वर्षीय बीरसिंह जोशी उसके घर में घुस आया और कथित रूप से उसके साथ लज्जा भंग करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने युवती के बाल खींचे। बचाव में युवती ने घर में रखे सीमेंट के डम्बल से आरोपी पर वार किया, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी परिजनों को देने के बाद पीड़िता ने पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बीरसिंह जोशी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पहले भी मारपीट सहित कई मामले और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज हैं। साथ ही नागपुर के कलमना थाने में उसके खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज होना बताया गया है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सउनि. चुन्नीलाल साहू, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, थलेश देशमुख, विकास राजेत्री, महिला सैनिक उषा वर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































