छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी…

राजनांदगांव। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) रायपुर ने छत्तीसगढ़ के 9 जिलों के लिए अगले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बालोद, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायगढ़, राजनांदगांव, सक्ती और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट के अनुसार यह चेतावनी 21 जुलाई 2026 दोपहर 2:49 बजे से 22 जुलाई 2026 दोपहर 2:49 बजे तक प्रभावी रहेगी। विभाग ने लोगों से राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के पास नहीं जाने तथा बिजली गिरने और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वहीं किसानों और आम लोगों से भी मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने का आग्रह किया गया है।