रायपुर : अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विकास निगम की बड़ी कार्रवाई…

सागौन के 11 लट्ठों के साथ पिकअप और बाइक जब्त, चार आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज

रायपुर, 22 जुलाई 2026 अवैध लकड़ी परिवहन पर वन विभाग लगातार सख्त छापेमार कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों से भारी मात्रा में अवैध साल, सागौन, खैर और सागौन की लकड़ी जब्त कर वाहन चालकों और तस्करों पर भारतीय वन अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

चार आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज

वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल में वन अमले ने अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का परिवहन करते हुए एक पिकअप और एक बाइक जब्त की है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है।

महिंद्रा पिकअप वाहन में सागौन प्रजाति की लकड़ी अवैध रूप से परिवहन करते पकड़े

कोटा परियोजना मंडल, बिलासपुर के भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक पी./1586 से जोगीपुर-रतनपुर सड़क मार्ग पर गश्त के दौरान वन अमले ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन में सागौन प्रजाति के 11 लट्ठे अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़े।

जब्त लकड़ी की मात्रा 1.138 घन मीटर है। कार्रवाई के दौरान वन अमले ने महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक ब्ळ-10 ब्।-5582 और लीवो (होंडा) बाइक क्रमांक ब्ळ-28 छ-3192 को जब्त कर अभिरक्षा में लिया।

मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 87/27 दिनांक 21 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया।

नियमित गश्त से वन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण

छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक द्वारा वन क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सभी परियोजना मंडलों में नियमित और रात्रिकालीन गश्त के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में वन अमले द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई से वन क्षेत्रों में अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को दी बधाई

       क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक कोटा परियोजना मंडल सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में सहायक परियोजना क्षेत्रपाल अश्वनी मेहरा, गोविंदा वर्मा और अरुण कुमार सिंह सहित क्षेत्ररक्षक एवं रोपण सुरक्षा श्रमिक शामिल रहे।

सतर्कता और तत्परता के साथ वन सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए कार्रवाई जारी

      वन अपराध के विरुद्ध तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के लिए छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने वन अमले को बधाई दी है। उन्होंने निगम के सभी वन क्षेत्रों में इसी तरह सतर्कता और तत्परता के साथ वन सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। 

वन सुरक्षा और संवर्धन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका का उल्लेख उनके आगामी गोपनीय प्रतिवेदन में भी किया जाएगा।