back to top

राजनांदगांव: फरहद की कंपनी में मोटर चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार…


राजनांदगांव। सोमनी थाना पुलिस ने ग्राम फरहद स्थित फेयर प्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड यूनिट-2 में हुई 32 हजार रुपये की मोटर चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में दो विधि संघर्षरत बालकों को भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई को कंपनी प्रबंधन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात चोरों ने कंपनी परिसर से 5 एचपी का कंप्रेसर मोटर, 3 एचपी का गियर बॉक्स मोटर तथा दो 1 एचपी वाइब्रेट मोटर चोरी कर ली थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत 32 हजार रुपये आंकी गई थी।

Advertisements

शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305 और 331(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही गजेंद्र कुमार मरकाम (18 वर्ष), निवासी दंतेश्वरीपारा, डोंगरगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पूछताछ में आरोपी ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का एक स्टेटर वाइंडिंग बरामद किया गया, जबकि दोनों नाबालिगों से एक कंप्रेसर मोटर और एक गियर बॉक्स मोटर जब्त की गई।

Advertisements

You cannot copy content of this page