राजनांदगांव: गैस एजेंसी से लैपटॉप चोरी का खुलासा,दीवार फांदकर लैपटॉप चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार…

राजनांदगांव । सिटी कोतवाली पुलिस ने अशोका इंडेन गैस एजेंसी से लैपटॉप चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई 2026 को प्रार्थी ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति अशोका इंडेन गैस एजेंसी की दीवार फांदकर परिसर में घुसा और टीन शेड के नीचे रखी टेबल का ड्रॉअर तोड़कर लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर राहुल नगर देवार मोहल्ला निवासी आदित्य मरकाम उर्फ आदि (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी किया गया लेनोवो कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र शाह, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार तथा आरक्षक प्रयंश सिंह, लीलेंद्र पटेल और श्रीनिवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में आबकारी अधिनियम एवं अन्य आपराधिक मामलों के प्रकरण भी दर्ज हैं।