
राजनांदगांव। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में चल रही एंड-टू-एंड विवेचना के तहत पुलिस ने 25 सितंबर को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा स्प्रिट अंग्रेजी शराब की 200 पेटियां यानी 9,600 बोतलें बरामद की गई हैं। शराब की कुल मात्रा 1,728 बल्क लीटर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी (27) निवासी मोहारा तथा रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर (55) निवासी वैशाली नगर, भिलाई शामिल हैं। इस कार्रवाई के साथ मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 14 हो गई है।
पुलिस ने बताया कि महेन्द्र वर्मा की निशानदेही पर ग्राम मोहारा से 50 पेटी शराब बरामद की गई। इसमें 180 एमएल की कुल 2,400 बोतलें थीं, जिनकी मात्रा 432 बल्क लीटर और अंकित कीमत 91,200 रुपये बताई गई है। इसके साथ एक सफेद रंग की क्रेटा कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इसी तरह रमाशंकर राजपूत की निशानदेही पर धमतरी जिले के कचना, चौकी बिरेझर क्षेत्र स्थित फार्महाउस से 150 पेटी शराब बरामद की गई। इनमें 180 एमएल की कुल 7,200 बोतलें थीं, जिनकी मात्रा 1,296 बल्क लीटर और अंकित कीमत 2,73,600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से एक सफेद रंग की ब्रेजा कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया।
दोनों आरोपियों से कुल 200 पेटी, 9,600 बोतल शराब, दो चारपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत पुलिस ने 19.05 लाख रुपये बताई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि रमाशंकर राजपूत उर्फ बाबा ठाकुर अपने सहयोगियों के साथ शराब मंगवाकर उसका भंडारण करता था और सहयोगियों के माध्यम से इसकी सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं महेन्द्र वर्मा द्वारा मोहारा क्षेत्र में बिक्री के लिए शराब प्राप्त किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन, भंडारण और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जब्त वाहनों और मोबाइल फोन से प्राप्त जानकारी के साथ अन्य तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी केशरी नंदन नायक एवं डीएसपी साइबर/क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना डोंगरगढ़, पुलिस चौकी मोहारा और साइबर टीम द्वारा की गई। मामले में आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना जारी है। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार और संगठित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।











































