
राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस परिवार ने प्रधान आरक्षक विष्णु सिंह राजपूत के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि विष्णु सिंह राजपूत ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पुलिस विभाग की सेवा की है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त जीवन के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की।
विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम, रक्षित निरीक्षक श्री लोकेश कसेर, पुलिस कार्यालय के मुख्य लिपिक, स्टेनो सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने विष्णु सिंह राजपूत के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का माहौल भावनात्मक रहा, जहां सहकर्मियों ने सेवानिवृत्त प्रधान आरक्षक के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया।










































