
दुर्ग। दुर्ग जिले में गर्लफ्रेंड के घर शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर की छत पर बेसुध हालत में मिला था।
उसे सीपीआर देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिद्धांत दान (28) सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था।
वहां अंजलीना के अलावा रायगढ़ निवासी उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और बोरसी की ग्रेसी भी मौजूद थीं। बताया गया है कि रात में सभी ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सिद्धांत नाराज होकर घर की छत पर चला गया। कुछ समय बाद अंजलीना उसे देखने छत पर पहुंची तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा मिला।
अंजलीना ने उसे होश में लाने का प्रयास करते हुए सीपीआर दिया लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद अन्य लोगों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना अंजोरा चौकी क्षेत्र की है। पुलिस को मंगलवार सुबह करीब पांच बजे इसकी सूचना मिली।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटना के समय घर में मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
सिद्धांत किन परिस्थितियों में छत पर बेसुध हुआ और उसकी मौत का वास्तविक कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है पुलिस के अनुसार मौत की स्पष्ट वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आ सकेगी।
बताया गया है कि अंजलीना नर्सिंग की छात्रा है, जबकि सिद्धांत पहले एक निजी संस्थान में नौकरी करता था लेकिन कुछ समय पहले उसकी नौकरी छूट गई थी। दोनों की शादी होने वाली थी।
सिद्धांत की मां रायपुर के एक स्कूल में सरकारी शिक्षिका हैं। पुलिस मामले में विवाद, शराब सेवन और युवक के बेसुध मिलने सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।










































