
राजनांदगांव 13 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत एसव्हीईपी अम्ब्रेला अंतर्गत जिला राजनांदगांव में वन स्टॉप फैसिलिटी सेंटर परियोजना का संचालन किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत 4 दिवसीय आवासीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण सह क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम अंतर्गत धमतरी, गरियाबंद एवं कांकेर जिले अंतर्गत कार्यरत अमलों राजनांदगांव जिले का भ्रमण कराया गया।
भ्रमण कार्यक्रम में धमतरी, गरियाबंद एवं कांकेर जिले से कुल 21 प्रतिभागियों के साथ उत्तरप्रदेश राज्य से 4 प्रतिभागी सहित राष्ट्रीय स्तर से नेशनल रिसोर्स पर्सन शामिल थे।
राजनांदगांव जिले के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को राजनांदगांव विकासखण्ड अंतर्गत ओएसएफ परियोजना एवं एसव्हीईपी परियोजना से संबंधित गतिविधियों एवं स्थापित उद्यमों का अवलोकन कराया गया।
जिसके तहत ग्राम सोमनी एवं टेड़ेसरा की उद्यमी स्वसहायता समूह सदस्यों से चर्चा एवं उनके उद्यम का भ्रमण कराया गया।
प्रतिभागियों को परियोजना के विकासखण्ड स्तरीय कार्यालय बीआरसी-राजनांदगांव का भी अवलोकन, मैनेजमेंट कमिटी एवं कैडर्स से चर्चा कराया गया। प्रतिभागियों से उद्यमिता विकास से संबंधित प्रकरणों के दस्तावेजीकरण, ऋण प्रक्रिया, ऋण पुनर्भुगतान सहित अन्य आवश्यक जानकारी दी गई।
ओएसएफ परियोजना के तहत अब तक जिले में कुल 509 समूह सदस्यों को ऋण के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान कर उद्यमी बनाया गया है। इसी प्रकार एसव्हीईपी परियोजना अंतर्गत कुल 1200 समूह सदस्यों को ऋण के माध्यम से वित्तीय सहायता प्रदान कर उद्यमी बनाया गया है।
सभी प्रतिभागियों को ग्राम अंजोरा में संचालित श्री गणेशा हर्बल गुलाल इकाई अंतर्गत गुलाल, गोपी चंदन, रोली, कुमकुम सहित अन्य निर्माण से संबंधित गतिविधियों एवं ग्राम सुकुलदैहान में संचालित चना प्रसंस्करण इकाई का भी भ्रमण कराया गया एवं इकाई संचालन के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान एनआईआरडी हैदराबाद से नेशनल रिसोर्स पर्सन श्री रविशंकर बोयाना एवं श्रीमती रूचि प्रसाद तथा राज्य कार्यालय से सहायक राज्य कार्यक्रम प्रबंधक श्री राहुल दीक्षित एवं राजनांदगावं जिले से जिला मिशन प्रबंधक श्री पिनाकी डेसरकार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक-वित्तीय प्रबंधन श्री देवेन्द्र सेन एवं विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक श्री सुशील श्रीवास्तव सहित प्रतिभागी उपस्थित थे।









































