back to top

खैरागढ़ : चाकू दिखाकर लोगों को डराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…

छुईखदान। थाना छुईखदान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से स्टील के चाकू बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, शासकीय अस्पताल के सामने आने-जाने वाले लोगों को चाकू दिखाकर डराने-धमकाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान आरोपी विक्रम दास मानिकपुरी (30 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 11 टिकरीपारा, छुईखदान के कब्जे से एक नग स्टील का चाकू बरामद किया गया। मामले में थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 362/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

इसी तरह प्रतिक्षालय के पास लोगों को चाकू दिखाकर दहशत फैलाने की सूचना पर पुलिस ने आरोपी बिरेन्द्र नेताम (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 15 टिकरीपारा, छुईखदान को पकड़ा। उसके कब्जे से एक नग स्टील का बटनदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 363/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

दोनों आरोपियों को माननीय जेएमएफसी न्यायालय छुईखदान के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर उन्हें उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page