
प्रतिमा देख मिट्टी से मूर्ति बनाने तथा प्लास्टर आफ पेरिस का उपयोग नही करने संबंधी मूर्तिकारों से की चर्चा

राजनांदगांव 19 अगस्त। आगामी गणेश पर्व के लिए नगर निगम सीमाक्षेत्र मे बनने वाले गणेश प्रतिमा निर्माण स्थल का निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम ने निरीक्षण कर प्रतिमा देख मूर्तिकारो से प्रतिमा निर्माण में मिट्टी का उपयोग करने तथा प्लास्टर आफ पेरिस का उपयोग नही करने समझाईस दी और गणेश प्रतिमा निर्माण के संबंध में जानकारी लेकर चर्चा किए।
आयुक्त श्री मरकाम ने गणेश प्रतिमा निर्माण स्थलों मे जाकर मूर्तिकारों द्वारा बनाए जा रहे गणेश प्रतिमा का निरीक्षण कर मूर्तिकारों से गणेश निर्माण की जानकारी ली। उन्होने कहा कि, शासन निर्देशानुसार प्लास्टर आफ पेरिस की प्रतिमा का निर्माण पूर्णतः प्रतिबंधित है, क्योकि प्लास्टर आफ पेरिस पानी में घुलता नहीं है और उससे नदी एवं तालाब का पानी प्रदुषित होता है। जिसे ध्यान में रखते हुये मिट्टी से ही गणेश प्रतिमा का निर्माण करना है। मूर्तिकारों ने जानकारी दी कि, मूर्ति निर्माण के लिए प्लास्टर आफ पेरिस का उपयोग नही करते बल्कि काली मिट्टी अथवा कछारी मिट्टी का उपयोग किया जाता है, तालाब के किनारे से मिट्टी लाकर पैरा मिलाकर मूर्ति का निर्माण करते है। आयुक्त ने कहा कि, बडी-छोटी किसी भी प्रकार की प्रतिमा में प्लास्टर आॅफ पेरिस का उपयोग न करें, उपयोग करते पाए जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
आयुक्त श्री मरकाम ने निगम के स्वास्थ्य एवं नजूल अमला से भी कहा है कि वे सभी प्रतिमा निर्माण स्थल की सतत मानिटरिंग करे और प्लास्टर आफ पेरिस की गणेश प्रतिमा निर्माण या विक्रय करते पाये जाने पर जप्ती की कार्यवाही करे। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता श्री दीपक खाण्डे, प्र.स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा सहित निगम का अमला उपस्थित था।










































