राजनांदगांव: कलेक्टर ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास के गृह प्रवेश में हुए शामिल…

राजनांदगांव 20 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूबंजारी में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही श्रीमती झुनीबाई साहू के नवनिर्मित आवास के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल हुए। कलेक्टर ने श्रीमती साहू एवं उनके परिवार को नए आवास के लिए शुभकामनाएं दी और उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।

Advertisements

श्रीमती झुनीबाई साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत उन्हें 1 लाख 20 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त हो चुकी है। इसके साथ ही उन्हें 90 दिवस की मजदूरी का लाभ भी मिला है। उन्होंने आवास निर्माण के लिए शासन से प्राप्त सहायता के संबंध में कलेक्टर को जानकारी दी।


कलेक्टर ने नवनिर्मित आवास का अवलोकन किया तथा घर की सुंदर एवं व्यवस्थित डिजाइन की सराहना की। उन्होंने हितग्राही परिवार से चर्चा कर प्रधानमंत्री आवास योजना से प्राप्त लाभ एवं आवास निर्माण के अनुभव की जानकारी ली। इस अवसर पर कलेक्टर ने श्रीमती झुनीबाई साहू एवं उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने घरों में सौर पैनल लगवाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी, बिजली बिल में होने वाली बचत एवं अन्य लाभों के संबंध में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक ग्रामीणों से योजना का लाभ लेने की अपील की। गृह प्रवेश के अवसर पर श्रीमती झुनीबाई साहू की बेटी द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई थी। कलेक्टर ने उसकी कलात्मक प्रतिभा की सराहना की तथा उसे प्रोत्साहित करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।