
राजनांदगांव। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में नियमित गश्त, पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 1 सितंबर 2026 को डोंगरगढ़ टाउन क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवानों ने हिस्सा लिया। पुलिस बल ने डोंगरगढ़ के विभिन्न गली-मोहल्लों, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और आउटर क्षेत्रों में पैदल एवं वाहनों से गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र के सूचीबद्ध निगरानी बदमाशों एवं गुण्डा बदमाशों की भी चेकिंग की गई। पुलिस ने उन्हें कानून का पालन करने और किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि से दूर रहने की समझाइश दी। पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई है।
त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले बाजारों, धार्मिक स्थलों, आयोजन स्थलों, प्रमुख मार्गों और विसर्जन मार्गों पर पुलिस की पर्याप्त मौजूदगी सुनिश्चित की जाएगी। जरूरत के अनुसार पैदल पेट्रोलिंग, वाहन पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और आकस्मिक चेकिंग भी की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर भी नजर रख रही है। आपत्तिजनक, भ्रामक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों के सामने आने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज, डीएसपी लाइन विंध्यराज, डीएसपी सुमन जायसवाल, रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर सहित विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।










































